SSP नैनीताल का सख्त संदेश—कानून से ऊपर कोई नहीं
नैनीताल। जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। ज्योलिकोट क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम पर हमले के मामले में तल्लीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।
घटना 21 दिसंबर 2025 की है। ज्योलिकोट बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस को एक होटल में पर्यटकों और स्टाफ के बीच बिल को लेकर विवाद की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने पानी की बोतल से वार कर उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा को घायल कर दिया। बीच-बचाव में आए एक होमगार्ड जवान के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह भी चोटिल हो गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उप निरीक्षक सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर चारों आरोपियों—दीप चंद्र, मनोज, त्रिभुवन शर्मा (निवासी मल्ला मटेला, देघाट, अल्मोड़ा) और प्रवीण चंद मंसत (निवासी ग्राम खस्ता, थाना सल्ट)—को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में थाना तल्लीताल में FIR संख्या 72/2025 दर्ज की गई है। आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा, लोक सेवक पर हमला, मारपीट, जान से मारने की नीयत से हमला और धमकी देने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। विवेचना के बाद सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

SSP नैनीताल ने स्पष्ट किया कि पुलिस पर हमला किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों को कोई राहत नहीं मि लेगी।












Users Today : 0