हल्द्वानी।
गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तावित क्रिकेट प्रतियोगिता से पहले ही बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आने से खेल जगत और निवेशकों में हड़कंप मच गया है। क्रिकेट आयोजन के नाम पर टीम दिलाने और मुनाफा कमाने का झांसा देकर लाखों रुपये वसूले जाने का आरोप सामने आया है।
जानकारी के अनुसार 3 फरवरी से अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में क्रिकेट मैच आयोजित किए जाने की बात कही जा रही थी। इस आयोजन को EVCL के बैनर तले प्रचारित किया गया। आरोप है कि आयोजक बताए जा रहे व्यक्ति ने देश के विभिन्न राज्यों के लोगों से संपर्क कर उन्हें टूर्नामेंट में टीम खरीदने का ऑफर दिया और निवेश के बदले लाभ का भरोसा दिलाया।
बताया जा रहा है कि इस कथित आयोजन में कई निवेशकों ने बड़ी रकम लगाई, लेकिन जब टूर्नामेंट को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई तो ठगी का शक गहराने लगा। मामला सामने आने के बाद पता चला कि आयोजन से जुड़ी कई जानकारियां संदिग्ध थीं।
सूत्रों के मुताबिक इस पूरे मामले में उत्तराखंड के एक पूर्व विधायक सहित अन्य राज्यों के कई लोग भी आर्थिक नुकसान का शिकार हुए हैं। जैसे ही यह मामला उजागर हुआ, खेल प्रेमियों और निवेशकों में नाराजगी देखी जा रही है।
सबसे गंभीर बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का नाम उपयोग कर लोगों का भरोसा जीता गया। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या बिना प्रशासनिक अनुमति इस तरह का आयोजन प्रचारित किया जा सकता है और इसकी निगरानी किस स्तर पर हुई।
फिलहाल पीड़ितों द्वारा मामले की शिकायत की तैयारी की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला खेल के नाम पर की गई बड़ी ठगी के रूप में दर्ज हो सकता है ·












Users Today : 0