Home » State News » बिंदुखत्ता की बेटी मनीषा बनी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, क्षेत्र में खुशी की लहर

बिंदुखत्ता की बेटी मनीषा बनी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, क्षेत्र में खुशी की लहर

News Portal Development Companies In India

लालकुआं: बिंदुखत्ता क्षेत्र के इंदिरानगर प्रथम की रहने वाली मनीषा ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।

मनीषा ने अपनी पढ़ाई वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड उद्यान एवं वानिकी विश्वविद्यालय से वन विज्ञान विषय में स्नातक (विशेष योग्यता) के साथ पूरी की। सेना में अधिकारी बनने का उनका सपना आसान नहीं था। पहले प्रयास में उन्होंने परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन वरीयता सूची में स्थान न मिलने के कारण चयन नहीं हो सका।

इसके बाद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और दोबारा मेहनत कर परीक्षा दी। इस बार उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 17वीं रैंक हासिल की।

चयन के बाद मनीषा ने चेन्नई स्थित अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी (OTA) में सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद 7 मार्च को आयोजित शपथ ग्रहण परेड के साथ उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति मिली।

मनीषा अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता और अपने नाना को देती हैं, जो स्वयं पूर्व सैनिक रहे हैं और उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा रहे। वहीं चयन साक्षात्कार की तैयारी के दौरान प्रशिक्षक विवेक पांडे और मार्गदर्शक मोहित भट्ट (जो सेना में अधिकारी हैं) का भी उन्हें विशेष मार्गदर्शन मिला।

मनीषा की इस सफलता से क्षेत्रवासियों में गर्व की भावना है। उनकी पहली तैनाती जम्मू-कश्मीर के राजौरी में हुई है। परिवार के अन्य सदस्य भी अपनी-अपनी पढ़ाई और सेवाओं में आगे बढ़ रहे हैं, जिससे पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?