
देहरादून/लालकुआं, 17 जुलाई।
लालकुआं नगर पंचायत ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में उत्तराखंड राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह सम्मान 17 जुलाई को दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में प्रदान किया गया।
इस समारोह में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने लालकुआं नगर पंचायत को विशेष श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा। नगर पंचायत की यह उपलब्धि पूरे नैनीताल जिले ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय बन गई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटानी की अगुवाई में बड़ी सफलता
लालकुआं नगर पंचायत की इस सफलता का श्रेय अध्यक्ष पूर्व फौजी सुरेंद्र सिंह लोटानी को जाता है, जिनके नेतृत्व में नगर ने स्वच्छता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुधार किए। उनके साथ अधिशासी अधिकारी राहुल सिंह, तकनीकी टीम, सफाई नायक, पर्यावरण मित्र, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा सफाईकर्मी पूरी मेहनत से जुटे रहे।
समारोह में मंच पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटानी ने पूरी टीम के साथ सम्मान ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी भेंट की गई।
कार्यक्रम में टीम के ये सदस्य रहे उपस्थित
पुरस्कार समारोह में लालकुआं टीम की ओर से सभासद धन सिंह बिष्ट, भुवन पांडे, योगेश उपाध्याय, सुरेश शाह, सोनू भारती, कंप्यूटर ऑपरेटर मनोज बर्गली, सफाई नायक वरुण चौधरी, पर्यावरण मित्र रवि, तथा अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इन सभी के योगदान से नगर को यह गौरव हासिल हो सका।
जन सहयोग और टीम वर्क बना सफलता की बुनियाद
लालकुआं नगर पंचायत की इस ऐतिहासिक जीत के पीछे केवल प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि नागरिकों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। स्वच्छता अभियान को लेकर लोगों की जागरूकता, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, प्लास्टिक प्रबंधन, सार्वजनिक स्थलों की सफाई और पर्यावरण सुरक्षा जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई