लालकुआं नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में 35 प्रस्तावों पर लगी मुहर, वार्ड-1 में बनेगा मार्केट कॉम्प्लेक्स
साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, पार्कों के सौंदर्यीकरण और सोलर लाइटों को लेकर भी लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
लालकुआं (नैनीताल)। नगर पंचायत लालकुआं की विकास योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को नगर पंचायत सभागार में अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के समग्र विकास, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, पार्कों के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विस्तार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रस्तुत लगभग 35 प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद सभी प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक के दौरान नगर के वार्ड संख्या-01 स्थित अंबेडकर नगर में मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण का प्रस्ताव प्रमुख रूप से शामिल रहा। इसके अलावा नगर में सोलर लाइटों की व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी बनाने तथा स्वच्छ पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने जैसे विषयों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
पार्कों के सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं पर जोर
बोर्ड बैठक में नगर के पार्कों के सौंदर्यीकरण एवं विकास, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही नगर पंचायत कर्मचारियों के हितों एवं कल्याण से संबंधित विषयों को भी बैठक के एजेंडे में शामिल किया गया।
बैठक में नवनामित सभासदों की पहली बोर्ड बैठक में स्वागत किया गया। इस दौरान दीपावली, धनतेरस, गोवर्धन पूजा एवं छठ पूजा के पावन अवसर पर समस्त नगरवासियों को शुभकामनाएं भी दी गईं।
नगर का समग्र विकास प्राथमिकता : सुरेंद्र सिंह लोटनी
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि लालकुआं का समग्र विकास, स्वच्छ एवं सुंदर नगर की परिकल्पना को साकार करना तथा नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी बोर्ड सदस्यों से आपसी समन्वय, सहयोग एवं सकारात्मक सहभागिता के साथ नगरहित में कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में नगर पंचायत के समस्त सम्मानित सभासदों, नवनामित सभासदों, अधिशासी अधिकारी एवं कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
समय विनोद न्यूज़ | लालकुआं













Users Today : 17